जमानिया। तहसील क्षेत्र के चकमेदनी नंबर-2 गांव से एक 10 वर्षीय बालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने पर पिता ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर खोजबीन करने की गुहार लगाई है। जिस पर पुलिस ने मंगलवार को अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, चकमेदनी निवासी प्रदीप पटेल का पुत्र आदित्य पटेल (10 वर्ष), जो प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 का छात्र है, सोमवार (9 फरवरी) को रोज की तरह दोपहर करीब 3 बजे स्कूल से घर लौटा था। घर पर खाना खाने के बाद वह गांव के ही कुछ बच्चों के साथ बाहर खेलने गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसे सगे-संबंधियों और गांव के आसपास काफी तलाश किया, लेकिन बालक का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी खोजबीन के बाद थक-हारकर पिता प्रदीप पटेल ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी। उन्होंने बताया कि बेटा खेलने निकला था और तब से उसका कोई अता-पता नहीं है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि बालक की गुमशुदगी के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें बालक की तलाश में जुटी हैं ।



