जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेटावर खुर्द स्थित विवादित खेत में खड़ी सरसों की फसल को ट्रैक्टर चलवाकर नष्ट करने आदि को लेकर पीड़िता की तहरीर पर गुरूवार को तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बेटावर खुर्द गांव निवासी कंचन मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने और सुघरी देवी ने मौजा बेटावर स्थित जमीन बैनामा ली थी। इस जमीन पर उन्होंने सरसों की फसल बोई थी। आरोप है कि बीते 11 फरवरी को गांव के ही विपक्षीगण रविकांत, उमाकांत और रमाकांत ने खेत में ट्रैक्टर चलवा दिया और पूरी सरसों की फसल को नष्ट कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि वादिनी कंचन मौर्य की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ उचित विधिक कार्यवाही की जा रही है।



