अमर शहीद सत्राजीत की स्मृति में राज्यस्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ

शहीद के पिता अमरनाथ पासवान ने फीता काटकर किया उद्घाटन
गाजीपुर। करंडा क्षेत्र के ग्राम सभा सिकंदरपुर में अमर शहीद सत्राजीत की स्मृति में आयोजित राज्यस्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन शहीद के पिता अमरनाथ पासवान ने फीता काटकर किया।
दरअसल ग्राम सिकंदरपुर निवासी सीआरपीएफ जवान सत्राजीत पासवान 6 अप्रैल 2010 को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस हमले में देश के 76 जांबाज जवान शहीद हुए थे, जिससे पूरा राष्ट्र शोकाकुल हो उठा था।
आयोजक एवं ग्राम प्रधान राजेश सिंह गुड्डू ने बताया कि शहीद सत्राजीत पासवान की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह वॉलीबाल प्रतियोगिता प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है।तीन दिवसीय प्रतियोगिता के प्रथम दिन क्षेत्रीय टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस में जिला व प्रदेश स्तरीय टीमों के साथ-साथ डीएलडब्ल्यू, साईं हॉस्टल रायबरेली, मुजफ्फरनगर, दिल्ली, मेरठ, देहरादून, बिहार, विद्यापीठ एवं जौनपुर की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 1 मार्च को खेला जाएगा।
उद्घाटन मैच प्वाइंट सिस्टम के आधार पर कुचौरा एवं सिकंदरपुर टीम के बीच खेला गया, जिसमें कुचौरा टीम ने प्रथम सेट 25–18 तथा द्वितीय सेट 25–23 अंकों से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम किया। मैच के रेफरी विनोद शर्मा एवं राणा प्रताप सिंह रहे।
इस अवसर पर विनोद सिंह बबलू, अनिल सिंह, विनीत सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, ऐनुद्दीन खां, कन्हैया केसरी, गुणवंत शर्मा, सौरव सिंह, अजीत यादव, प्रवेश सिंह, मिथिलेश केसरी, शुभम सिंह, शशि यादव, अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महफूज खां ने की तथा संचालन प्रिंस दुबे ने किया।




