घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी अब केवल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं के घर पर होगी: डीएम

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी व पेट्रोल पम्प प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिती में कलेक्ट्रेट सभागार में गैस एजेंसी प्रतिनिधियो और पेट्रोल पंप प्रतिनिधियो के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसामान्य को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कही से भी कोई शिकायत मिलती है कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एजेंसी प्रतिनिधियो से पारदर्शिता बनाए रखते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि कही भी अवैध भंडारण पकड़ा जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यदि किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न हो तो उसके लिए कलेक्ट्रेट में इमरजेंसी ऑपरेशन में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबरों 0548-2224041 पर कॉल करके अपनी शिकायत बता सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयल कपंनी के प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में शहरी क्षेत्र में नई रीफिल की बुकिंग विगत बुकिंग के 26 वें दिन एवं ग्रामीण क्षेत्र में 46 वें दिन से शुरू हो रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के पश्चात् प्राप्त ओ0टी0पी0 हॉकर को उपलब्ध कराने पर ही गैस ही आपूर्ति प्राप्त होगी। वर्तमान में जनपद में पेडिंग बुकिंग का औसतन 03 दिनों का बैकलाग चल रहा है।
जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि जिसने पहले बुकिंग कराई है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पहले सिलेंडर दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी सीधे उपभोक्ताओं के घर पर ही की जाएगी। इसके लिए ओटीपी आधारित सत्यापन व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यदि कहीं शिकायत मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और कहीं भी ईंधन की कमी की स्थिति नहीं है। जिलाधिकारी ने गैस कंपनियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने नागरिकों से अपील किया कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से सभी एलपीजी विक्रेताओं को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियां अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगाएं कि गैस सिलेंडर अब केवल ओटीपी सत्यापन के बाद ही प्राप्त होगा और वर्तमान बुकिंग नियमों तथा बुकिंग की प्रक्रिया एवं गैस डिलीवरी की अनुमानित समय सीमा का प्रदर्शन रहेे, ताकि उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति न रहे।
बिना ओटीपी मिलान के सिलेंडर का वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले या बोर्ड न लगाने वालों के विरुद्ध द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता से भी अपील है कि वे सुरक्षा हेतु इस डिजिटल सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 आयुष चौधरी, अपर पुलिस अधीक्षक शहर राकेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह, एवं संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहें।


