जमानिया। क्षेत्र के गायघाट गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला के घर पर चढ़कर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पीड़िता ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गायघाट निवासी सुशीला देवी पुत्री स्वर्गीय रामसिंगासन सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती 13 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे गांव के ही रौशन सिंह, मंजीत सिंह और अछैबर सिंह हाथ में लाठी-डंडा लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके। आरोप है कि उक्त लोगों ने आते ही सुशीला देवी और उनके पूरे परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए दरवाजे पर खड़ी गाड़ी के चारों तरफ के शीशे तोड़ दिए और भारी नुकसान पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जांच की जा रही है।



