जमानिया गैस एजेंसी पर दुर्व्यवस्था के बीच उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी

जमानियां। स्थानीय तहसील क्षेत्र स्थित जमानियां एचपी गैस एजेंसी इन दिनों अपनी बदहाली और अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। एजेंसी पर गैस बुकिंग और डिलीवरी को लेकर मची अफरा-तफरी से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी न तो समय से खुलती है और न ही वहां तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं को सही जानकारी देते हैं।
स्थानीय उपभोक्ता विकास, मनोज, सुरेश और अशोक कुमार ने बताया कि नियमानुसार कार्यालय सुबह 10 बजे खुल जाना चाहिए, लेकिन सोमवार को एजेंसी करीब 10:20 बजे तक बंद रही। मनमाने समय पर दफ्तर खुलने के कारण दूर-दराज से आए लोगों को अपना कामकाज छोड़कर घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें बुकिंग के लिए जरूरी ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहा है, तो कई का केवाईसी पेंडिंग होने के कारण उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ता कशायन रहमानी ने एजेंसी के कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि उन्होंने 15 तारीख को गैस बुक की थी। उनके मोबाइल ऐप में ओटीपी भी प्रदर्शित हो रहा था, लेकिन जब वे सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे तो रिकॉर्ड में उसे पहले ही ‘डिलीवर्ड’ (वितरित) दिखा दिया गया। पीड़ित का सवाल है कि जब उन्होंने सिलेंडर लिया ही नहीं और ओटीपी साझा ही नहीं किया, तो कागजों में डिलीवरी कैसे पूर्ण हो गई? पूछने पर कर्मचारियों ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और बाद में स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया। इस पूरे मामले पर जब एजेंसी संचालक मुनेंद्र कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास डिलीवरी का मैसेज गया है, तो उसे सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। हालांकि, बिना ओटीपी के सिलेंडर ‘डिलीवर्ड’ दिखाने वाली तकनीकी धांधली पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस धांधली की जांच की जाए और गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए ताकि आम जनता को हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता इस प्रकार की शिकायत है तो जांच कर कारवाही की जाएगी।


