उत्तर प्रदेशगाजीपुरप्रशासनिक

प्रतिनिधिमंडल को भरथरा जाने से रोका, गाजीपुर और जमानिया में कई पदाधिकारी हाउस अरेस्ट

जमानिया/गाज़ीपुर। वाराणसी स्थित फूलपुर थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में प्रस्तावित प्रतिनिधिमंडल के दौरे को लेकर बुधवार को गाज़ीपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर अवनीश सिंह के निर्देश पर भरथरा गांव जाने की तैयारी कर रहे संगठन के पदाधिकारियों को प्रशासन ने उनके घरों में ही नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर प्रशासन ने जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह को उनके आवास पर नजरबंद किया, वहीं जमानिया प्रशासन ने अन्य प्रमुख पदाधिकारियों को मध्य रात्रि को ही हाउस अरेस्ट कर लिया। इस कार्रवाई के बाद कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखने को मिल रहा है। प्रशासन का तर्क है कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नजरबंद किए गए पदाधिकारियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की तीखी आलोचना की है। संरक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने  कहा कि हमारा प्रतिनिधिमंडल शांतिपूर्ण तरीके से भरथरा गांव जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेने वाला था, लेकिन सरकार के दबाव में प्रशासन जनता की आवाज को दबा रहा है। किसी को उसके घर में कैद करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। भरथरा गांव में होने वाले इस दौरे को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाएं तेज थीं। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर फूलपुर थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में चौकसी बढ़ा दी है। फिलहाल, पदाधिकारियों को नजरबंद रखे जाने के कारण दौरा स्थगित हो गया है, लेकिन संगठन ने आगे की रणनीति तैयार करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page