उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिक

बेहतर कार्य करने वाले प्रगणक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित,एसडीएम ने ली जनगणना की समीक्षा बैठक

जमानियां। स्थानीय तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक की अध्यक्षता में जनगणना कार्य की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पर्यवेक्षक सर्किल 01 से 50 तक के सभी सुपरवाइजरों ने भाग लिया। बैठक के दौरान चार्ज अधिकारी व तहसीलदार राम नारायण वर्मा और सहायक चार्ज अधिकारी व खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जनगणना कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए रणनीति तैयार की गई और उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक द्वारा सभी सुपरवाइजरों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि सभी सुपरवाइजर प्रतिदिन अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों की गहन मॉनिटरिंग करें और उनसे रोजाना की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। इसके साथ ही उन्होंने फील्ड में आ रही समस्याओं को दूर करते हुए प्रगणकों को हरसंभव आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने सख्त लहजे में कहा कि आगामी 31 मई तक सभी एचएलबी (HLB) का कार्य न्यूनतम 50 प्रतिशत तक अवश्य पूर्ण हो जाना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया गया। उपजिलाधिकारी महोदय द्वारा उत्कृष्ट एवं समय से कार्य पूर्ण करने पर प्रगणक श्री भगवान सिंह बघरी, साधना प्रधान (हरबल्लमपुर), रंजना सिंह (सुहवल), ब्रजेश कुमार (सोन्हारिया) और अजय राजभर (रघुनाथपुर) की पीठ थपथपाई गई। बेहतर प्रदर्शन के लिए इन सभी प्रगणकों को बधाई देते हुए प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने अन्य कर्मियों से भी प्रेरणा लेकर कार्य को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page