साइबर फ्रॉड में ठगी गई 26 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई

बहरियाबाद। साइबर सेल बहरियाबाद की त्वरित कार्रवाई से यूपीआई के माध्यम से ठगी गई 26 हजार रुपये की धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी नीतू पाल के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर फ्रॉड हुआ था। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही साइबर सेल बहरियाबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की गई 26 हजार रुपये की धनराशि होल्ड कराई।
इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पूरी धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वासुदेव प्रसाद, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा और कांस्टेबल अनुराग वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




