एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

नारों के जरिए लोगों को किया जागरूक, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपीलजमानियां (गाजीपुर)। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने आकर्षक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
अभियान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने ‘एनएसएस का यही विचार, नशामुक्त हो देश हमारा’ और ‘सेवा, संकल्प और सम्मान, नशामुक्त भारत हमारी पहचान’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही युवाओं को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, एनसीसी प्रभारी डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी, डॉ. अमित कुमार एवं डॉ. महेंद्र कुमार उपस्थित रहे।




