
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के पहले दिन रविवार को जिलाधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना था। डीएम और एसपी ने शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज, हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों और मुख्य प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को लाइव चेक किया।केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, पहचान पत्र के सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से की जा रही सघन तलाशी प्रक्रिया का अवलोकन किया।भीड़ प्रबंधन: मुख्य द्वारों पर परीक्षार्थियों के सुचारू आवागमन के लिए बैरिकेडिंग और लाइनिंग व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश, शौचालय और बैठने के प्रबंधों की समीक्षा की गई। सख्त निर्देश जारी: निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तैनात पुलिस बल को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से परीक्षा के संबंध में भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वाले और शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सैदपुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



