उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियारेल

रेलवे क्रॉसिंग की पटरी धंसी, डेढ़ घंटे ब्लॉक लेकर हुई मरम्मत; बाजार में लगा जाम

बड़े वाहनों के दबाव से धंसी अप लाइन की रेल पटरी, डीटीई मशीन से किया गया ट्रैक दुरुस्त

जमानियां (गाजीपुर)। एनएच-24 स्थित बाईपास रेलवे क्रॉसिंग संख्या 88/ए के अप लाइन की मुख्य रेल पटरी धंसने से रेल पथ विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में रेलवे फाटक बंद कर ट्रैक की मरम्मत शुरू कराई। इसके लिए करीब डेढ़ घंटे का ब्लॉक लिया गया और डीटीई (डायनेमिक टैम्पिंग एक्सप्रेस) मशीन की मदद से पटरी को दुरुस्त किया गया।
मरम्मत कार्य के चलते बाईपास रेलवे फाटक बंद रहने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का रूट डायवर्ट कर स्टेशन बाजार रेलवे फाटक से आवागमन कराया गया। अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से गांधी चौक समेत बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति पैदा हो गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रेल पथ विभाग के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर लल्लन राम ने बताया कि अप लाइन की मुख्य रेल पटरी बड़े वाहनों के आवागमन के दबाव से धंस गई थी। सुबह 10 बजे से मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। इस दौरान ट्रैक के नीचे से रबर पैड निकालकर गिट्टी डाली गई और पैकिंग की गई। इसके बाद डीटीई मशीन से ट्रैक को दुरुस्त किया गया। करीब 12 बजे तक मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
उधर, रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से बाजार में यातायात का दबाव बढ़ गया। जाम की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर चौकी पुलिस और आरपीएफ की टीम तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को बाजार के अंदर से डायवर्ट कर आवागमन सुचारू कराया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page