तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला घायल, साथी समेत चालक फरार

शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थी महिला, हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भागे
जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बरुईन गांव के सामने गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे एनएच-24 पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बरुईन गांव निवासी सरोज उपाध्याय (48) पत्नी आनंद उपाध्याय प्रतिदिन की तरह सुबह सड़क पार कर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर के बाद बाइक चालक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया, लेकिन उसका साथी उसे बाइक समेत लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहीं, डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।



