

जमानियां,गाजीपुर। बुधवार की शाम आई तेज धूल भरी आंधी व बारिश से विद्युत सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विद्युत कर्मियों ने गुरुवार की रात तक कुछ जगहों की विद्युत सप्लाई बहाल करा दिया लेकिन बरुइन बाजार सहित ग्राम बरुइन व बडेसर आंशिक की विद्युत सप्लाई 48 घंटे के बाद भी चालू नहीं हो पाई, लोग पानी-पानी के लिए परेशान हो गये। विद्युत विभाग की सुस्त रफ्तार विद्युत उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रहा है। परेशान उपभोक्ता स्वयं बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए लाइन मैन के साथ जुट गये। ग्राम बडेसर, बरुइन व बरुइन मोड़ के उपभोक्ता स्वयं स्वयंसेवक की भॉति जुट कर पोल का जुगाड़ कर उसे खड़ा करने सहित तार को खिचवाने में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आये। जबकि विद्युत विभाग के अधिकारी पोल की व्यवस्था करने में अक्षम दिखे तथा उपभोक्ताओं का फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझ रहे थे। उपभोक्ता रमेश सिंह, विपिन सिंह, मनोज सिंह, दीपू यादव ने बताया कि आंधी व पानी से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गया जिससे पानी की समस्या काफी जटिल हो गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों को फोन करने पर कुछ अधिकारी के फोन स्वीच ऑफ मिला तथा जिस अधिकारी पर रिंग जा रहा था वह फोन रिसीव करना जरूरी नहीं समझे। ग्रामीणों को स्वयं विद्युत कर्मियों को पकड़कर बिजली बनवाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी, एसडीओ व जेई से सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फोन रिसीव करना जरूरी नहीं समझे।



