
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बब्बनपुर (हेतिमपुर) गांव में एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामले पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तहरीर के अनुसार, जमानिया कचहरी में वकालत करने वाले अधिवक्ता यशवंत सिंह पर उनके ही पड़ोसी ने लोहे की रॉड से उस वक्त हमला कर दिया जब वे शाम के समय अपने घर से किसी कार्यवश बाहर निकले थे। पीड़ित अधिवक्ता ने थाने में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि शाम करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच जब वे अपने घर से आधार कार्ड लेकर निकल रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाले प्रदीप कुमार चौधरी ने हत्या की नीयत से उनके सिर पर पीछे से लोहे की रॉड से जोरदार प्रहार कर दिया। इस अचानक हुए हमले में अधिवक्ता का सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। आरोप है कि हमले के दौरान विपक्षी ने उन्हें अत्यंत भद्दी गालियां दीं और शोर सुनकर बचाव के लिए आए लोगों के बीच भी उन्हें और उनके पूरे परिवार को भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता यशवंत सिंह ने आरोपी को अत्यंत दबंग और मनबढ़ किस्म का व्यक्ति बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



