
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर को नया मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मिल गया है। 2022 बैच के आईएएस अधिकारी आलोक प्रसाद ने आज सीडीओ गाजीपुर के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा और विकास को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।
आईएएस आलोक प्रसाद प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से बीटेक स्नातक हैं। वे अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ कुशल प्रशासनिक कार्यशैली के लिए भी जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में जनपद में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नई योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आलोक प्रसाद को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनपद के विकास के प्रति आशा व्यक्त की है।



