
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नई बाजार देवेथा मार्ग पर स्थित गायघाट मोड़ के पास शनिवार की रात करीब 8 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, घायलों में एक युवक की पहचान अभयपुर निवासी 30 वर्षीय भोला राजभर पुत्र लाल धारी के रूप में हुई है, जिसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद एक चौंकाने वाला दृश्य भी देखने को मिला, जहा अज्ञात क्षेत्र का रहने वाला दूसरा घायल बाइक सवार दुर्घटना के तुरंत बाद खुद ही घायल अवस्था में उठा और अपना इलाज कराने के लिए किसी अज्ञात स्थान की ओर चला गया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही भोला राजभर के परिजन मौके पर पहुँच गए और उन्होंने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया है।घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल सड़क पर यातायात सामान्य है, लेकिन हादसे की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में स्थानीय चौकी इंचार्ज अजय भारती ने बताया कि गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।




