सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन सभागार में क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीम के पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में दुर्घटना के बाद एंबुलेंस पहुंचने से पहले घायल की जान बचाने के लिए किए जाने वाले जरूरी उपाय बताए गए।
जीरो फैटलिटी डेज (जेडएफडी) में नामित थानों की सीसी टीम के प्रभारी और कर्मचारियों को सैक्टेम फाउंडेशन की टीम के डॉ. पंकज परमार और डॉ. उमाशंकर ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की सबसे पहले सांस चल रही है या नहीं, इसकी जांच की जानी चाहिए। सांस नहीं चलने की स्थिति में पुलिसकर्मी को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण क्षेत्राधिकारी यातायात अनिन्द्य विक्रम सिंह और प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार की मौजूदगी में हुआ। प्रशिक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी यातायात ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि थानों पर तैनात अन्य सहकर्मियों को भी प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी देकर जागरूक करें, ताकि दुर्घटना के बाद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।




