
जमानियां। क्षेत्र की सहकारी क्रय-विक्रय समिति पर खाद की भारी किल्लत के चलते शनिवार को किसानों की लंबी लाइनें देखी गईं। घंटों इंतज़ार के बाद भी खाद न मिलने से किसानों में आक्रोश फैल गया। स्थिति तनावपूर्ण होती देख एसडीएम ज्योति चौरसिया स्वयं मौके पर पहुंचीं और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।
किसानों ने एसडीएम के समक्ष कालाबाज़ारी और वितरण में अव्यवस्था के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि समिति पर सुबह-सुबह 5 बजे ही टोकन बांट दिए गए, जिससे अधिकांश किसानों को टोकन मिल ही नहीं सका और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों का आरोप था कि खाद वितरण में भेदभाव और मनमानी हो रही है, जिससे समय पर खेती के लिए खाद नहीं मिल पा रही। खाद की मांग तो अधिक है, लेकिन आपूर्ति नाकाफी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ज्योति चौरसिया ने समिति के सचिव एवं संबंधित अधिकारियों से खाद की उपलब्धता, वितरण प्रक्रिया और टोकन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में किसानों को परेशानी न हो, और खाद वितरण पारदर्शी व नियमानुसार किया जाए। एसडीएम ने मौके पर ही आदेश दिया कि सोमवार को पुनः खाद वितरण की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रह जाए। इस दौरान मौजूद किसानों ने प्रशासन से मांग की कि खाद की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और निगरानी रखी जाए, ताकि बिचौलियों और कालाबाज़ारियों पर लगाम लगाई जा सके। खाद को लेकर बढ़ती किल्लत और अव्यवस्था से किसान चिंतित और नाराज हैं, वहीं प्रशासन की त्वरित सक्रियता से कुछ हद तक राहत मिली है। क्षेत्रीय किसान अब सोमवार को मिलने वाली खाद की व्यवस्था को लेकर आशान्वित हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस बल मौके पर तैनात रही।




