
जमानिया। क्षेत्र के मनझरिया गांव की एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने छ लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थिनी प्रियंका देवी (20 वर्ष), पत्नी अजय यादव निवासी मनझरिया ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में कहा है कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व अजय यादव निवासी मनझरिया से हुई थी। शादी के मात्र चार माह बाद से ही पति अजय यादव, ससुर विनोद यादव, सास सुमन देवी, देवर विजय यादव व ननद हीरामुनी देवी तथा लालमुनी देवी लगातार दहेज की मांग करने लगे। प्रियंका का आरोप है कि ससुराल पक्ष पचास हजार रुपये नकद, एक बाइक और सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे। जब उसके पिता इस अतिरिक्त दहेज को देने में असमर्थ हुए तो पति व अन्य परिजनों ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 16 अगस्त 2025 की रात लगभग 10 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। उसने यह भी कहा कि उसे जान से मारने और आत्महत्या के लिए उकसाने तक की कोशिश की गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। छ लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।




