जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के धनौता गांव में सोमवार की सुबह खेत के बंटवारे के विवाद को लेकर एक विधवा महिला को लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।पीडिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, धनौता गांव की रहने वाली पीड़िता राधिका देवी पत्नी स्व. सविन्द्र कुमार सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे खेत के बंटवारे की बात को लेकर उनका गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। राधिका देवी ने जब अपने स्वर्गीय पति द्वारा रहन में रखे गए खेत को वापस कर बंटवारा करने की बात कही, तो इस बात पर विपक्षी गण अचानक उग्र हो गए। आरोप है कि क्रोधित होकर गांव के ही कुछ लोगों ने विधवा महिला को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लात-घूसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में महिला के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग इकट्ठा होते, तब तक आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के बाद पीड़िता ने सोमवार की शाम तहरीर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक, पूनम देवी और रविन्द्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।



