बन रेंज परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

जमानिया। सेवा पर्व तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय वन रेंज परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से धार्मिक, औषधीय एवं फलदार प्रजातियों के कुल 21 पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में कल्पवृक्ष, रुद्राक्ष, चंदन, सिंदूर, ढाक आदि जैसे दुर्लभ एवं औषधीय पौधों के साथ-साथ आम और अमरूद के फलदार पौधे लगाए गए। अधिकारियों व कर्मचारियों ने पौधों की देखरेख और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली। रेंजर जयशंकर प्रसाद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा पर्व के रूप में मनाते हुए प्रकृति के संवर्धन का संदेश दिया गया है। पौधारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन के लिए अनिवार्य है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और स्वस्थ वातावरण देने का सशक्त माध्यम भी है। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



