Uncategorized

धनुष-मुकुट पूजन से छह अक्तूबर को शुरू होगी अति प्राचीन रामलीला

गाजीपुर। शहर की अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की रामलीला का शुभारंभ छह अक्तूबर को धनुष-मुकुट पूजन के साथ होगा। श्रीरामचरित मानस पर आधारित इस पारंपरिक रामलीला का मंचन अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। 16 से 20 अक्तूबर तक रामलीला मैदान लंका में मंचन होगा। विजयादशमी के दिन 20 अक्तूबर को श्रीराम-रावण युद्ध के बाद रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।

कमेटी के महामंत्री ओमप्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा तिवारी ने बताया कि अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से सैकड़ों वर्षों से परंपरागत तरीके से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। इस वर्ष रामलीला का मंचन ‘वंदे वाणी विनायकों आदर्श श्रीरामलीला मंडल’ की ओर से किया जाएगा। इस बार रामलीला 19 दिनों तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि छह अक्तूबर को धनुष-मुकुट पूजन के बाद रामलीला शुरू होगी। 20 अक्तूबर को विजयादशमी के दिन शाम 7:30 बजे रामलीला मैदान लंका में श्रीराम-रावण युद्ध का मंचन होगा। रात आठ बजे रावण दहन किया जाएगा। कमेटी के अनुसार रावण के करीब 60 फीट ऊंचे पुतले का निर्माण कराया जा रहा है। रावण दहन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में बटन दबाकर किया जाएगा।

रामलीला को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मैदान और अन्य मंचन स्थलों की साफ-सफाई के साथ रावण के पुतले का निर्माण कराया जा रहा है। विजयादशमी के दिन रामलीला मैदान में एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, जिससे भीड़ के कारण दूर खड़े दर्शकों को भी मंचन देखने में सुविधा हो सके। रामलीला का सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से भी किया जाएगा।

24 अक्तूबर को होगा श्रीराम राज्याभिषेक

कमेटी के महामंत्री ने बताया कि 24 अक्तूबर को हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर श्रीराम राज्याभिषेक का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वाराणसी के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। राज्याभिषेक के साथ ही वर्ष 2026 की रामलीला का समापन होगा।

इस दौरान कमेटी के विनय कुमार सिंह, गोपाल जी पांडेय, लक्ष्मीनारायण, लव कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, रोहित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अजय पाठक, अजय अग्रवाल, राजेंद्र विक्रम सिंह, सुधीर अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page