बिना आदेश अवकाश का संदेश प्रसारित करने पर एआरपी से जवाब तलब
गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में अवकाश को लेकर ग्रुप में संदेश प्रसारित करना एआरपी विज्ञान, सादात रविंद्र प्रताप को महंगा पड़ गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने मामले को लेकर संबंधित एआरपी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि दो सितंबर 2026 को कक्षा एक से आठ तक के परिषदीय विद्यालयों में अवकाश होने की सूचना ग्रुप में प्रसारित की गई थी। जबकि विभाग की ओर से उक्त तिथि को अवकाश के संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया था। पत्र में बिना सक्षम स्तर से पुष्टि किए अवकाश की सूचना प्रसारित करने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीएसए कार्यालय के अनुसार इस तरह बिना पुष्टि के सूचना प्रसारित किए जाने से शिक्षकों, विद्यालयों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। संबंधित एआरपी को खंड शिक्षा अधिकारी सादात के माध्यम से अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



