गाजीपुर का नाम बदलकर गाधिपुरी करने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा पत्रक

गाजीपुर। अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा एवं पूर्वांचल छात्र सेना के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी गाजीपुर के माध्यम से पत्रक सौंपा। पत्रक में गाजीपुर जिले का नाम बदलकर गाधिपुरी या गाधिपुरम किए जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह एवं पूर्वांचल छात्र सेना के प्रदेश संयोजक निमेष पांडे ने कहा कि गाजीपुर का नाम बदलने की मांग समय-समय पर स्थानीय स्तर पर उठती रही है। उन्होंने कहा कि जिले का संबंध पौराणिक परंपराओं में राजा गाधि और महर्षि विश्वामित्र से जोड़ा जाता है। संगठन की ओर से मांग की गई कि वर्तमान नाम के स्थान पर गाधिपुरी अथवा गाधिपुरम नाम रखा जाए।
पत्रक में कहा गया कि गाजीपुर के इतिहास और पौराणिक महत्व को देखते हुए जिले के नाम के संबंध में पुनर्विचार किया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों के नाम परिवर्तन का उल्लेख करते हुए गाजीपुर का नाम भी बदलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
संगठनों ने कहा कि लहुरी काशी के रूप में गाजीपुर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए जिले के नाम को पौराणिक संदर्भों से जोड़ने की आवश्यकता है।
इस मौके पर राजकुमार सिंह, निमेष पांडे, भवानी प्रताप सिंह, पुष्कर सिंह, अभिषेक तिवारी, हरिओम तिवारी, सिद्धार्थ शंकर पांडे, सत्य प्रकाश सिंह, पृथ्वी सिंह,विनय सिंह,राकेश कनौजिया, अभिषेक चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



