हिंदू इंटर कॉलेज में मनाया गया विश्व पर्यावास दिवस

जमानियां।91 बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुखबीर पुनिया के निर्देशन में हिंदू इंटर कॉलेज, जमानियां में विश्व पर्यावास दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों एवं विद्यालय के विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट संतोष कुमार पाटिल ने कहा कि आज के आधुनिक युग में भी भारत में ऐसे अनेक परिवार हैं, जो अभी भी पक्के और सुरक्षित आवास से वंचित हैं। प्रत्येक व्यक्ति को एक सुरक्षित छत और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता एवं जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार भी आने वाले समय में जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेटों ने समाज के वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील रहने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना एवं राष्ट्र सेवा की भावना को और मजबूत करना था।




