परिवार परामर्श केंद्र की सफलता: विवादों में फंसे 5 घर फिर जुड़े, 5 दम्पति की सकुशल विदाई

गाजीपुर। पुलिस का परिवार परामर्श केंद्र एक बार फिर टूटते रिश्तों को जोड़ने में सफल रहा। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में संचालित इस केंद्र ने पति-पत्नी विवाद से जुड़े कुल 22 प्रकरणों की सुनवाई कर कई मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया।
19 अप्रैल को हुई सुनवाई में लंबे समय से अलग चल रहे 5 दम्पतियों को मध्यस्थता के जरिए समझाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद सभी की सकुशल विदाई कराई गई।
इसी क्रम में 6 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कर पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि 5 मामलों में आवश्यक विधिक सलाह देकर उन्हें समाप्त किया गया। शेष प्रकरणों में सहमति न बन पाने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई है। इस पूरी प्रक्रिया में परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसमें विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्र नाथ राम, कमरूद्दीन, मनोरमा राय, पूजा श्रीवास्तव, महिला आरक्षी संध्या, सोनाली, सविता एवं आरक्षी शिव शंकर यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।



