“नशा मुक्त भारत” अभियान का हुआ आयोजन

जमानियां,गाजीपुर। “विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम” की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू की ओर से बुधवार को स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संगोष्ठी कक्ष में “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में ब्रह्मकुमारी बहन काजल अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि एक स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए नशामुक्ति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके मन, सोच और पूरे परिवार को भी बर्बाद कर देता है। युवा ही देश के भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर सकारात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।ब्रह्मकुमारी बहन मेघा ने उपस्थित सभी शिक्षकों, शिक्षार्थियों और कर्मचारियों को नशामुक्त समाज बनाने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन हमेशा ऐसे अभियानों का समर्थन करेगा जो युवाओं को सही दिशा दे सके। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे नशे को “ना” कहकर अपने करियर और देश के भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। उक्त मौके पर वरिष्ठ आचार्य प्रो.अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्रो. अरुण कुमार, डॉ.संजय कुमार सिंह, डॉ.अरुण कुमार सिंह, डॉ.रामलखन यादव, डॉ. बिपिन कुमार, डॉ.नीतू सिंह और डॉ. अमित कुमार, निलेश कुमार सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ अभिषेक तिवारी तथा स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रही।


