
जमानिया। थाना क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित बाईपास रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार की शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढाडीह गांव निवासी चंदन पासी (25) अपनी माता का इलाज कराकर गांव छोड़ने के बाद अपने साथी राम सेवक उर्फ कल्लू (28) के साथ स्टेशन स्थित उसके होटल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में चंदन पासी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि राम सेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। वही आस पास के लोग घायल को इलाज के लिए अज्ञात अस्पताल ले गए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि जमानिया स्टेशन पर एक सड़क हादसे में युवक चंदन पासी की मौत हो गई है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पीएम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी। सडक हादसे की सूचना के बाद परिजनों का रो—रो कर बुरा हाल है।




