इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

मुहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला और कुंडी तोड़कर कॉपर व एल्युमिनियम का तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार प्लास्टिक की बोरियों में रखा स्क्रैप और वाइंडिंग पेपर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात एसके इलेक्ट्रॉनिक दुकान के दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर दुकान में रखा कॉपर व एल्युमिनियम का तार चोरी कर लिया गया था। मामले में दुकान संचालक की तहरीर पर मुहम्मदाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 307/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को उपनिरीक्षक लल्लन राम बिंद पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आदिलाबाद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टड़वा गांव निवासी वकील बिंद (22) पुत्र श्रीराम ध्यानी बिंद और नंदगंज थाना क्षेत्र के देवसिया गांव निवासी रोहित बिंद (22) पुत्र दीनानाथ बिंद के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चार प्लास्टिक की बोरियों में स्क्रैप और वाइंडिंग पेपर बरामद हुआ। मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक लल्लन राम बिंद और पुलिसकर्मी शामिल रहे।




