पुलिस भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन सख्त सुरक्षा घेरे में, हर केंद्र पर पैनी नजर: नकलविहीन परीक्षा का दावा

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन भी जनपद में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच संपन्न हो रहा है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल और नोडल अधिकारियों की संयुक्त टीम लगातार सघन निरीक्षण कर रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
आज 09 जून 2026 को आयोजित परीक्षा के दौरान श्रीमान पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया। प्रत्येक केंद्र पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क रहकर हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा संचालन को व्यवस्थित रूप से कराया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराई जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों में भी भरोसे का वातावरण बना हुआ है।




