
ज़मानिया। क्षेत्र के बबनपुर मौजा स्थित जमानिया धरम्मरपुर सेतु पर ओवरलोड वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार की शाम करीब 3 बजे लगाया गया हाईट बैरियर को शनिवार की रात कुछ मनबढ़ और दबंग तत्वों ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके बाद प्रशासन दुबारा से बैरियर लगाने की तैयारी कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस सेतु से जबरन ओवरलोड वाहन पास कराने के उद्देश्य से कुछ अराजक तत्वों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत इस सरकारी संपत्ति को निशाना बनाया। घटना के वक्त वहां मौजूद कुछ लोगों द्वारा वीडियो बनाया गया। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दबंगों ने सड़क पर खड़े एक नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक ट्रॉली को ऊपर उठाकर बैरियर के मुख्य लोहे के गाटर (बीम) को ऊपर की तरफ धकेला। जैसे ही ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक सहायता से बैरियर को ऊपर उठाया गया, ठीक उसी के नीचे से एक बड़े सफेद रंग के कमर्शियल डंपर ट्रक को धड़ल्ले से पार करा दिया गया। इस गैर-कानूनी कृत्य के दौरान वहां तमाशबीनों की भीड़ भी जुटी रही। ट्रक को पार कराने की इस उतावली और जबरदस्ती के प्रयास में लोहे का मजबूत हाईट गेज बैरियर पूरी तरह बीच से मुड़ गया और टूटकर बीच सड़क पर आ गिरा। भारी-भरकम लोहे का यह ढांचा बुरी तरह मुड़कर क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क पर लावारिस पड़ा हुआ है, जिससे अब वहां से गुजरने वाले सामान्य राहगीरों और दोपहिया वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। जिसके क्रम में शुक्रवार की शाम करीब 3 बजे हाईट बैरियर लगाया गया। ताकि ज़मानिया धरम्मरपुर सेतु की सुरक्षा और भारी वाहनों के कारण होने वाले हादसों पर रोका जा सकें। जिसे कुछ लोगों ने अपने निजी लाभ के चलते क्षतिग्रस्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि दोबारा से हाईट बैरियर लगाया जाएगा। इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बालू और गिट्टी से लदे ओवरलोड ट्रकों का निकलना आम बात है। पुल को सुरक्षित रखने के लिए ही प्रशासन ने यह कदम उठाया था, लेकिन क्षेत्र के खनन और परिवहन माफियाओं ने सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।




