Uncategorized

सेल्फी और रील का जुनून हो रहा जानलेवा

जमानिया। सोशल मीडिया पर रील और सेल्फी बनाने का जुनून अब जानलेवा साबित होने लगा है। स्थानीय नगर के बलुआ घाट पर रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे एक ऐसा ही वाकया हुआ, जहां मोबाइल में व्यस्त परिजनों की लापरवाही के कारण एक मासूम बच्ची की जान पर बन आई। नगर के कस्बा बाजार निवासी श्याम सुंदर चौरसिया की साढ़े तीन वर्षीय पुत्री काव्या चौरसिया अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर आई थी। स्नान के दौरान परिजन मोबाइल से सेल्फी लेने और वीडियो बनाने में मगन हो गए, इसी बीच काव्या का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गई।

बच्ची को डूबता देख घाट पर हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद काव्या को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह पूरी तरह अचेत हो चुकी थी। उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां तैनात डॉ. देवेंद्र ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची का उपचार शुरू किया। डॉक्टर की विशेष कोशिशों के बाद अचेत पड़ी काव्या को होश आ गया। डॉ. देवेंद्र ने बताया कि जब कोमल को अस्पताल लाया गया, तो उसकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे होश में लाया गया है, लेकिन फेफड़ों में पानी चले जाने की गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा हेतु गाजीपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि परिजनों के रील और सेल्फी में व्यस्त होने के कारण ही यह दुर्घटना हुई। इस घटना ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा और सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page